शुक्रवार, 13 नवंबर 2020

निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों के कार्य की कलेक्टर ने की सराहना

 

कलेक्टर श्री बी. विजय दत्ता ने भाण्ड़ेर विधानसभा (अ.जा.) निर्वाचन का कार्य शांतिपूर्ण ढ़ग से से निष्ठा एवं पूरी दार्शिता के साथ सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति उनके द्वारा किए गए कार्य की सराहना की है।
    कलेक्टर श्री दत्ता बुधवार को न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में मतदान कार्य संपादित कराए जाने हेतु नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों की आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री एसएस रावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर, उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक सिंह चौहान, रिटर्निग ऑफीसर श्री अरविन्द सिंह माहौर सहित निर्वाचन कार्य हेतु नियुक्त किए गए सभी नोडल अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री दत्ता ने प्रत्येक नोडल अधिकारी द्वारा किए गए कार्य की सराहना करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी, निष्ठा एवं पारदर्शिता और समन्वय के साथ निर्वाचन का कार्य संपादित किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ऐसा कार्य करें कि जिले को एक नई पहचान मिले।

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र जिले के चार दिवसीय प्रवास पर ( दौरा - प्रवास कार्यक्रम )

 मध्यप्रदेश शासन के गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि विधायी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र आज 12 नवम्बर से 15 नवम्बर 2020 तक जिले के चार दिवसीय प्रवास के दौरान अनेकों कार्यक्रमों में शामिल होंगे।   

    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र 12 नवम्बर 2020 को प्रातः  9.30 बजे आप डबरा से कार द्वारा दतिया के लिए प्रस्थान कर प्रातः 10 बजे दतिया निवास पर पहुंचेगे और आमजन से भेंट करेंगे। प्रातः 11 बजे आप पुलिस अधिकारी एवं आरक्षकों के 41 करोड़ 7 लाख की लागत से बनने वाले आवास भवनों का शिलान्यास कर पटवारी फार्म हाऊस में आयोजित भोजन के कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 12.30 बजे दतिया निवास आगमन (आरक्षित) रहेगा। अपरान्ह 3 बजे आप अटार का ताल में पुरोहित जी के भागवत कथा में शामिल होने के बाद डबरा के लिए प्रस्थान करेंगे। सायं 4 बजे डबरा में स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रात्रि 7 बजे डबरा से ग्राम बिलौआ के लिए रवाना होंगे। जहां पर आप मंत्री इमरती देवी सुमन के निवास पर आयोजित भोजन कार्यक्रम में भाग लेंगे। रात्रि   8.30 बजे ग्राम बिलौआ से डबरा के लिए प्रस्थान कर रात्रि विश्राम पश्चात् 13 नवम्बर को प्रातः 9 बजे डबरा से दतिया के लिए रवाना होंगे जहां आप प्रातः 9.30 बजे दतिया निवास पर आमजन से भेंट करेंगे। प्रातः 10.30 बजे पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे (तान्या पैलेस दतिया)। प्रातः 11.30 बजे रावतपुरा कॉलेज कलापुरम् दतिया में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भाग लेंगे एवं कार्यकर्ताओं के साथ भोजन करेंगे। दोपहर 12.30 बजे दतिया निवास आगमन (आरक्षित) रहेगा। अपरान्ह 3.30 बजे जिला चिकित्सालय दतिया में निःशुल्क कम्बल वितरण बैंक के उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेंगे कार्यक्रम उपरांत डबरा के लिए प्रस्थान करेंगे। सायं 7 बजे डबरा से दतिया के लिए रवाना होंगे जहां आप रात्रि 7.30 बजे किला चौक पार्क में लाईटिंग एवं फब्बारे के लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। रात्रि 9 बजे दतिया से डबरा के लिए प्रस्थान करेगे।
    गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र 14 नवम्बर 2020 को प्रातः 9 बजे डबरा से दतिया के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रातः 9.30 बजे दतिया निवास पर आमजन से भेंट करेंगे। प्रातः 10 बजे आप माँ पीताम्बरा माई एवं शनिदेव जी के दर्शन करेंगे। प्रातः 11 बजे आप पटवारी फार्म हाऊस दतिया में सहकारी समिति के दीपावली मिलन समारोह में शामिल होेकर भोजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12.30 बजे दतिया निवास आगमन (आरक्षित) रहेगा। अपरान्ह 3.30 बजे दतिया शहर में नागरिकों को दीपावली की शुभकांमनाएं देंगे एवं डबरा के लिए प्रस्थान करेंगे। अपरान्ह 5 बजे डबरा निवास पर पारिवारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे।  
    गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र 15 नवम्बर 2020 को प्रातः 9 बजे डबरा से दतिया के लिए प्रस्थान करंेगे। प्रातः 9.30 बजे दतिया निवास पर आमजनों से भेंट करेंगे। प्रातः 10 बजे आप बड़ौन कलां (दफाई) में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित होंगे। प्रातः 11 बजे पटवारी फार्म हाऊस दतिया में पटेल समाज द्वारा दीपावली मिलन समारोह में भाग लेंगे इसके पश्चात् डबरा के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12 बजे आप डबरा निवास पर पहुँचेगे। अपरान्ह 3.30 बजे डबरा में निज निवास पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेंगे एवं रात्रि विश्राम पश्चात् 16 नवम्बर 2020 को प्रातः 10 बजे डबरा में भाईदूज के पारिवारिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रातः 11 बजे डबरा से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1 बजे ग्वालियर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

जिला प्रशासन ने ऑनलाईन लिंक के माध्यम से दर्शन करने की नागरिकों से की अपील

 दतिया जिले के तहत आने वाले रतनगढ़ माता मंदिर में प्रतिवर्ष दीवाली दोज पर मेले का आयोजन होता है। लेकिन केारोना संक्रमण केा देखते हुए कोविड-19 की गाइड लाइन के पालन में इस वर्ष 15 से 17 नवम्बर 2020 तक आयोजित हेाने वाला रतनगढ़ मेला प्रतिबंधित रहेगा।

    जिला प्रशासन ने जिले एवं अन्य स्थानों से आने वाले लोगों से अपील की है कि केारोना का संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है। संक्रमण से बचने हेतु 15 से 17 नवम्बर 2020 तक रतनगढ़ पहुंचने के कार्यक्रम स्थगित कर मंदिर दर्शन अगली तिथि में करें। केारोना संक्रमण केा देखते हुए दतिया जिले की सीमाओं से लगे जिले एवं अन्य प्रांतों के जिला प्रशासन द्वारा रतनगढ़ मेले में जाने वाले वाहनों केा रोकने की कार्यवाही की जाएगी। इस असुविधा को ध्यान में रखते रतनगढ़ मेले में आने वाले नागरिकों सेे आग्रह है कि कोरोना संक्रमण से बचाव केा देखते हुए 15 नवम्बर से 17 नवम्बर 2020 तक दीवाली दोज पर रतनगढ़ आने वाले अपने कार्यक्रम स्थगित रखें जिला प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि माता रानी की आराधना अपने घरों पर ही लाइव दर्शन www.ratangarhmatamandir.in लिंक के माध्यम से करें। 

विकास का नया परिवेश गढ़ेगा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश, नीति आयोग ने की मध्यप्रदेश की पहल की प्रशंसा, आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप - 2023 जारी

 मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मिंटो हॉल में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के विकास का रोडमैप-2023 जारी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस ऐतिहासिक अवसर पर कहा कि विकास में जनसहभागिता और मॉनिटरिंग की व्यवस्था का नया ढाँचा खड़ा किया जायेगा। ग्राम, जनपद और जिला स्तर पर दीनदयाल समितियाँ गठित कर जनसहभागिता और मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जायेगी। आधुनिक टेक्नालॉजी का हर क्षेत्र में व्यापक उपयोग कर विकास कार्यों में पारदर्शिता बढ़ायी जायेगी। खेती में आधुनिक ढंग से उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाकर खेती को लाभ का धंधा बनाया जायेगा। किसानों को पी.एम. सम्मान निधि और मुख्यमंत्री सम्मान निधि के रूप में हर साल कुल 10 हजार रूपये की सम्मान निधि दी जायेगी।

   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत की रणनीति पर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप जारी करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप में अधोसंरचना विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, अर्थव्यवस्था एवं रोजगार और सुशासन पर स्पष्ट रणनीति तैयार की गई है। इस रोडमैप के आधार पर मंत्री अपने विभागों की योजना तैयार कर क्रियान्वित करेंगे। मंत्री एवं प्रशासन के हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जायेगी और उसकी प्रत्येक स्तर पर सख्त मॉनिटरिंग होगी।
   आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश रोडमैप-2023 के विमोचन अवसर पर विशिष्ट अतिथि सांसद श्री वी.डी. शर्मा, मिंटो हॉल में एवं भारत सरकार के नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमिताभ कांत वी.सी. के माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रोडमैप का विमोचन कर उसके क्रियान्वयन के लिये रोडमैप की प्रति मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस को सौंपी। इस अवसर पर अनेक मंत्री, विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। नीति आयोग के सीईओ श्री अमिताभ कांत ने कहा कि कोरोना कॉल में सिर्फ मध्यप्रदेश ने वेबिनार आयोजन की यह महत्वपूर्ण पहल की। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप को लागू कर मध्यप्रदेश देश के अग्रणी प्रांत की पहचान बनाएगा।
प्रधानमंत्री श्री मोदी हमारे प्रेरक
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी हमारे प्रेरक हैं। उनसे सदैव उत्साह और ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने कोरोना की चुनौती को अवसर में बदलने का आव्हान कर आत्मनिर्भर भारत के लिए सभी राज्यों से सहयोग की अपील की थी। आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश आवश्यक है। इसके लिए किए गए प्रयास आज प्रदेश की जनता के सामने इस रोडमैप के रूप में रखे जा रहे हैं, क्योंकि मध्यप्रदेश की जनता मेरी आराध्य है। मध्यप्रदेश मेरा मंदिर है। यह जनता मेरे लिए भगवान है। इस मंदिर का पुजारी शिवराज सिंह चौहान है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक संकट से लोगों को उबारना एक चुनौती थी। हमने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक राशि पहुंचाई। इन परिस्थितियों में मध्यप्रदेश का रोडमैप प्रस्तुत करना भी एक विशेष कार्य था, जिसे अपनी चाह से हमने पूरा किया। अब रोडमैप को लागू करने के लिए निरंतर कार्य होगा। धनराशि की व्यवस्था भी की जाएगी। निजी क्षेत्र की सहभागिता की सुनिश्चित की जायेगी।
मध्यप्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बने इसके लिए आर्थिक गतिविधियों को और बढ़ावा देंगे। सड़कों के निर्माण के साथ ही अधोसंरचना संबंधी सभी कार्य और नर्मदा जल सहित पानी की एक-एक बूंद का उपयोग करते हुए कृषि क्षेत्र को भी लाभकारी व्यवसाय बनाने पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। थर्मल पावर के साथ ही सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग होगा। ओंकारेश्वर जलाशय में सोलर पेनल बिछाएंगे। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों तक विद्यार्थियों को बसों से लाने की व्यवस्था होगी। पढ़ाई से कोई वंचित नहीं रहेगा। लघु जलसंरचनाओं का जाल बिछाया जाएगा। जहां पूर्व में 7 लाख हेक्टेयर से 31 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई क्षेत्र बढ़ाया गया था, उसे 60 लाख तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) एक आंदोलन के रूप में विस्तार प्राप्त करेंगे। संसाधनों के बंटवारे का ध्यान रखते हुए जितनी आबादी उतनी राशि के सिद्धांत पर कार्यों का क्रियान्वयन होगा।
 वोकल को लोकल बनाने का ध्येय
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश में रोजगार के माध्यम से अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना एक प्रमुख कार्य रहेगा। वोकल को लोकल बनाने का ध्येय है। स्थानीय उत्पाद को बिक्री से जोड़ा जाएगा। महिला सशक्तिकरण भी स्वदेशी वस्तुओं की बिक्री को प्रोत्साहन देते हुए बढ़ेगा। ग्रामीण महिलाओं के कौशल को निखार कर उनके व्यवसाय को लाभकारी बनाया जाएगा। इसी तरह सांस्कृतिक गतिविधियों से रोजगार वृद्धि के प्रयास होंगे। छोटे व्यापारियों को तकलीफ न हो, बड़े व्यापारी यदि बेईमानी करते हों, वे सावधान हो जाएं क्योंकि आम लोगों को परेशानी में डालने वाले छोड़े नहीं जाएंगे। अपराधी तत्व कुचल दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश में प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग प्राप्त किया जाएगा।
सहभागिता और सकारात्मक सोच आवश्यक
   मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेशवासियों से आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश गढ़ने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि विकास में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। इसके साथ ही सकारात्मक सोच का भी महत्व है। हम सभी सकारात्मक होकर प्रदेश के विकास में भागीदारी करें। एक जिद, जूनून और जज़्बे के साथ सभी प्रदेश की प्रगति के लिए कार्य करें। हमारा मध्यप्रदेश गान भी इसी भाव का परिचायक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नीति आयोग ने प्रदेश के रोडमेप के निर्माण में सहयोग किया है। लोक सेवा प्रबंधन विभाग रोडमैप क्रियान्वयन में समवन्य करेगा। अन्य सभी विभाग सक्रिय भागीदारी करेंगे। दीनदयाल समितियों के माध्यम से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। कोरोना के संदर्भ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अभी यह समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। मास्क ही वैक्सीन है। दीपावली भी सावधानी से सभी लोग मनाएं। कोरोना पूरी तरह समाप्त होगा। "ये रैन अंधेरी बीतेगी, पतवार चलाते जाएंगे, मंजिल आएगी, जरूर आएगी"। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वामी विवेकानन्द जी के कथन का स्मरण करते हुए कहा कि आज यह जरूरी है कि सभी उठें, जागें और तब-तक कार्य करें, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। क्योंकि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।
रोड मैप में है विकास का विजन
   कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि रोडमैप- 2023 के विमोचन अवसर का यह कार्यक्रम अभिनव है क्योंकि इसमें प्रदेश के विकास के विजन को सामने रखते हुए ग्रामीण स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित करने का महत्वपूर्ण कल्याणकारी यज्ञ भी पूरा हो रहा है। इस रोडमैप में एक विजन के दर्शन होते हैं। ये विकास का विजन है। मुख्यमंत्री श्री चौहान विकास के प्रति अत्यंत गंभीर और निरंतर कार्य करने वाले मुख्यमंत्री हैं।
मध्यप्रदेश ने कोरोना से निपटते हुए रोडमैप भी बना लिया - श्री अमिताभ कांत
   नीति आयोग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिताभ कांत ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विशिष्ट अतिथि के रूप में भागीदारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत की रणनीति के अनुरूप मध्यप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने विभिन्न विषय-विशेषज्ञों से परामर्श कर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप तैयार किया है। इस रोडमैप को प्रदेशवासियों के सामने रखा गया है। जब सभी राज्य सिर्फ कोरोना से ही लड़ रहे थे, तब मध्यप्रदेश ने कोरोना से लोगों के बचाव के लिए अच्छे प्रबंध करते हुए प्रदेश के आर्थिक विकास के लिए यह रोडमैप तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जो निश्चित ही प्रशंसनीय है। उल्लेखनीय है कि 7 से 11 अगस्त की अवधि में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप को तैयार करने के लिये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने चार मुख्य विषयों भौतिक अधोसंरचना, सुशासन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा और अर्थव्यवस्था एवं रोजगार पर राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित किये। इन वेबिनार्स में नीति आयोग के प्रतिनिधि, सुशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषय-विशेषज्ञों को आमंत्रित कर उनके सुझाव प्राप्त किये गये। वेबिनार्स में प्राप्त सुझाव के आधार पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप की कार्ययोजना तैयार की।
   प्रारंभ में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के रोडमैप को तैयार करने का श्रेय मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को है। मुख्यमंत्री श्री चौहान की उमंग, ऊर्जा और उत्साह के सामने सभी कठिनाईयां बौनी सिद्ध हुईं। जब देश-विदेश में कोविड-19 नियंत्रण से बाहर हो रहा था, तब मध्यप्रदेश में अच्छा प्रबंधन हुआ। प्रशासनिक व्यवस्था में एक आमूल-चूल परिवर्तन यह हुआ की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से निर्णय लेने का महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री श्री चौहान के निश्चय से वेबिनार में करीब 650 विषय-विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। ऑन लाइन सुझाव भी प्राप्त हुए। मुख्य सचिव श्री बैंस ने आशा व्यक्त की कि मध्यप्रदेश की विकास यात्रा विभिन्न पड़ावों से होकर मंजिल तक पहुंचेगी। निष्ठा, परिश्रम और जिम्मेदारी से इस रोड मैप को सभी अंजाम तक पहुंचाएंगे। मुख्य सचिव श्री बैंस ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का उनकी नेतृत्व क्षमता से मिले इस लाभ के लिए आभार भी व्यक्त किया।
   आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप के विमोचन कार्यक्रम में मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और विभागाध्यक्ष भी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त संभाग एवं जिलों से सांसद, विधायक, संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी भी कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल थे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मध्यप्रदेश दूरदर्शन, क्षेत्रीय न्यूज चैनल्स एवं सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर किया गया। कार्यक्रम का संचालन उप सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री सुधीर कोचर ने किया।
   यहाँ ग्वालियर में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में संभाग आयुक्त श्री आशीष सक्सेना, आईजी श्री अविनाश शर्मा, कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा, नगर निगम कमिश्नर श्री संदीप माकिन व एडीएम श्री किशोर कान्याल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

बुधवार, 11 नवंबर 2020

भारतीय जनता पार्टी ने 19 सीटें जीत कर , कांग्रेस को 9 सीटें थमा कर दिये कूटनीतिक संदेश , कांग्रेस को प्राप्त 9 में से 7 सीटें बागीयों ( डकैत प्रभावित) ग्वालियर चम्बल क्षेत्र से मिलीं

 फतहयाबी के जश्न का नहीं राजनैतिक मुगालते और भ्रम दूर करने का पैगाम छिपा है , म प्र विधानसभा के उपचुनाव के परिणामों में

नरेन्द्र सिंह तोमर ‘’आनंद’’

म प्र विधानसभा के उपचुनावों के परिणामों पर अगर एक सरसरी नजर डालकर सिंहावलोकन करें तो तमाम राजनीतिक परिप्रेक्ष्य स्पष्ट दृष्टिगोचर होते हैं जिनका विष्लेषण हम यहां प्रस्तुत कर रहे हैं ।

इस उपचुनाव में भाजपा ने 28 में से 19 सीटें जीत कर राजनीति की एक नई परिभाषा और अर्थ दे दिये हैं और केवल 9 सीटें कांग्रेस को देकर उसके 15 महीने के कार्यकाल पर प्रश्नचिह्न लगा दिये हैं या कांग्रेस की गलत चुनावी रणनीति और प्रदेश कांग्रेस की असफलता या उसके धार विहीन नेतृत्व को नख दंत विहीन घोषित कर दिया है , यह सब विश्लेषण इस आलेख में हम कर रहे हैं ।

चित्त भी मेरी पट्ट भी मेरी

अगर इन विधानसभा उपचुनावों के परिणामों पर गौर करें तो अधिकांश कांग्रेस सीटें वही निकली या जीती हैं कांग्रेस ने, जहां ज्योतिरादित्य  सिंधिया की ‘’बी’’ टीम यानि सिंधिया के पुराने खिदमतगार दरबारीयों ने चुनाव लड़ा । यानि इधर से भी सिंधिया और उधर से भी सिंधिया ने ही चुनाव लड़ा ।

इस संबंध में एक पोस्ट हमने उस समय टिकट सूची के वक्त लिखी थी सामायिक होने के कारण उल्लेखनीय है – इत हैं चमचा , उत हैं चमचा ..... वगैरह वगैरह

कांग्रेस को खुशी मनानी चाहिये कि आखिर फिर भी कांग्रेस नहीं , सिंधिया ही जीते , सिंधिया की कृपा से ही अंतत: कांग्रेस की कुछ सीटें आईं ।

मुरैना विधानसभा के चुनाव परिणाम की बात करें तो बसपा प्रत्याशी रामप्रकाश राजौरिया 20 वें राउंड तक करीब दस हजार वोटों से आगे चलते रहे , पहले कांग्रेस के राकेश मावई से फाइट करते रहे , उसके बाद भाजपा के रघुराज सिंह कंसाना से फाइट करने लगे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर चली गई । अचानक ही केवल तीन राउंड में यानि 21, 22, 23 वें राउंड में पूरे परिणाम हैरतअंगेज तरीके से पलट गये और पूरे प्रदेश में केवल एक सीट बसपा की जो शो हो रही थी , अचानक शो होना बंद हो गई । इसके बाद , दूसरे नंबर पर सिंधिया के भाजपा से रघुराज कंसाना और पहले नंबर पर सिंधिया के बी टीम सदस्य राकेश मावई ( कांग्रेस ) दिखने लगे , गोया सिंधिया का प्रभाव ही मुरैना सीट पर अचानक ही भाजपा और कांग्रेस के रूप में महज तीन राउंड में नजर आने लगा , और पहले के 20 राउंड का इतिहास बिल्कुल उसी तरह से बदल गया या गायब कर दिया गया , जैसे भारत का इतिहास अंग्रेजों ने  बदल दिया और राम भी गायब हो गये , प्रकाश भी गायब और श्रीकृष्ण भी गायब , महाभारत , रामायण सब गायब हो गये भारत  के इतिहास में से ।

समान ही कहानी दिमनी विधानसभा सीट की है ।

केवल एक घंटे में भाजपा सें कांग्रेस में आकर टिकट ले आने वाले रवीन्द्र तोमर सिंधिया के खिदमतगारों के साथ ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के चरण सेवक बनकर कांग्रेस में शामिल होने से लेकर टिक्ट लेने तक ज्योतरादित्य सिंधिया के अंधभक्त रहे हैं ।

यह सिंघिया की कांग्रेस में ‘’बी टीम’’ के अहम और  खास नुमांइंदे हैं ।

खास बात है कि अपने नाम के साथ भिडोसा लिखने वाले रवीन्द्र तोमर का न तो भिडोसा से कोई ताल्लुक है और न कोई घर , जमीन या जायदाद ही भिडोसा में है – यह सब खुद ही रवीन्द्र तोमर ने इसी निर्वाचन में निर्वाचन आयोग को दिये गये शपथ पत्र में खुद ही लिख कर कहा और दिया है । मुरैना जिला में रवीन्द्र तोमर का न घर है और न चुनाव में मुरैना जिला का पता दिया है । रवीन्द्र तोमर के शपथपत्र के मुताबिक , उनके घर मकान संपत्ति सब इटावा जिला उत्तर प्रदेश में और भिण्ड तथा ग्वालियर में है । बैंक अकाउंट तमाम हैं मगर सब इटावा उत्तरप्रदेश और ग्वालियर में हैं । उसके बाद एक जगह बड़ा गांव में कुछ खेत होने का उल्लेख है । इसके सिवा कहीं कुछ नहीं है मुरैना जिला में । इसके बावजूद अपने नाम के आगे भिडोसा लिखना , यह समझ से परे है । बड़ा गांव नाम के साथ लिखते तो भी बात गले उतर जाती ।

खैर यह सीट भी सिंधिया के ही खाते में दूसरे तरीके से गई सिंधिया के ही कृपा पात्र और खास आदमी ने कांग्रेस की ओर से इस सीट पर सिंधिया का नाम इतिहास में पहली दफा लिख दिया ।

भाजपा की 19 और कांग्रेस की 9 सीटों के मायने और 7  सीटें कांग्रेस की क्षेत्र विशेष में के मायने

पूरी 28 विधानसभा सीटों में से 19 सीटें भाजपा ने और 9 सीटें कांग्रेस ने जीतीं हैं , सन 2018 में इनमें से 27 सीटें कांग्रेस जीती थी ।

अगर देखें तो 27 में से 19 सीटें कांग्रेस ने खो दी हैं ।

और 7 सीटें केवल क्षेत्र विशेष में कांग्रेस जीती है , जिनमें सुमावली , गोहद , ग्वालियर पूर्व की सीटें , ब्यावरा सीट , इस क्षेत्र विशेष में शुद्ध कांग्रेसी प्रत्याशीयों और कांग्रेस की स्पष्ट व शुद्ध जीत है , मेहगांव और जौरा सीट पर सभी राउंड पर नजर डाली जाये तो हर राउंड में जबरदस्त फाइट कांग्रेस ने भाजपा से की है , और मेहगांव विधानसभा सीट पर तो तमाम राउंड तक कांग्रेस निकटतम भाजपा प्रत्याशी से आगे बढ़त बनाये हुये रहे हैं ।

मेहगांव सीट पर भी शुद्ध कांग्रेसी से मुकाबला ज्योतिरादित्य सिंधिया से रहा है ,और हेमंत कटारे ने मार्केबल वोट और वोट प्रतिशत हासिल कर भिण्ड जिले की राजनीति में एक नया अध्याय लिखा है और सिंधिया के अनुयायी कहे जाने वाले राकेश चौधरी को राजनीति के नेपथ्य में फेंक दिया है और राजनीति के अंतरिक्ष में उल्का पिंड के मानिंद लटका कर अप्रत्यक्ष रूप से भिंड जिला में राकेश चौधरी का प्रतिस्थापन खुद को स्थापित कर दिया है और स्वर्गीय सत्यदेव कटारे का असल उत्तराधिकारी ही नहीं बल्कि उनसे कहीं बढकर खुद को साबित कर दिया है , सत्यदेव कटारे अटेर विधानसभा से बाहर चुनाव नहीं लडे इसलिये वे जिले के सर्वव्यापी नेता नहीं बने , जबकि हेमंत कटारे ने इस मिथक को तोड़कर मेहगांव विधानसभा में दमदार और सशक्त जीतने वाली मौजूदगी दर्ज करा कर तमाम राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया है , और भावी राजनीतिक विश्लेषणों में एक विषय बना दिया है । भले ही हेमंत कटारे ने मेहगांव विधानसभा न जीती हो मगर जीत का अंतर पहली बार एकदम घटा कर और लगातार बढ़त बना कर मेहगांव विधानसभा की राजनैतिक जमीन को कुछ सोचने का विषय कर दिया है ।

फूल सिंह बरैया की हार भी सम्मानित और प्रतिष्ठित है , मात्र 161 वोट के अंतर से भाजपा की रक्षा सिरोनिया से हारे कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया की हार का कोई भी विशेष राजनीतिक महत्व और अर्थ नहीं है , इस महज एक कुयोग और राजनीतिक दुर्घटना मात्र ही कहा जा सकता है , और विजयी रक्षा सिरोनिया को हमेशा ही सोचना पड़ेगा कि वह हारी है या जीती है ।

इसी तरह डबरा में इमरती देवी और विजई कांग्रेस प्रत्याशी भी 3 साल तक सोचते रहेंगें कि वे हारे हैं या जीते हैं । मगर लाख सोचने पर तमाम लोग इसे वोट नहीं देने वालों और नोटा को मिले वोटों को ही जिम्मेदार समझेंगें ।

राजनीतिक सियासतदानी में कौन कौन घटेगा और कौन कहां किस मुकाम की ओर जायेगा तथा बढ़ेगा

इस उपचुनाव के परिणामों के वैसे तो कोई सत्ता आने जाने से खास ताल्लुक नहीं है , भाजपा को महज 8 सीटें जीतनी थीं सो बहुत आसान थीं और सबको ही उम्मीद थी, सो वो तो दोपहर एक बजे तक सब साफ हो ही गया था , 8 सीट के बाद की कोई भी सीट भाजपा या शिवराज के लिये केवल प्लस मात्र थी और समर्थन से लंगड़ी लूली या दवाब में रहने वाली सरकार से बाहर मुक्त सरकार के रूप में उपलब्धि मात्र थी । सो 8 की जगह 19 सीटें जीत कर वह बात भी खत्म हो गई । मतलब कमलनाथ की सरकार के भी एक्स्ट्रा बल अब भाजपा में और शिवराज में आ गये । और अब शिवराज सरकार मनमर्जी से निर्णय ले सकती है और कायदे कानून बना सकती है और चला सकती है ।

इस सबके भी कुछ लंबी दूरी के मायने हैं , जिसमें बहुत से राजनेताओं का और राजनैतिक दलों का सुदीर्घ भविष्य और राजनीति तथा रणनीति छिपी हुई है ।

प्रदेश स्तर से स्थानीय जिला , तहसील व ब्लाक स्तर तक राजनैतिक चेहरे बदलने की दरकार सत्तारूढ़ भाजपा और अपदस्थ कांग्रेस दोनों को ही रहेगी तो बसपा और जैसी पार्टीयों का अभी अपनी खोई हुई जमीन तलाशनी होगी ।

इस विषय पर विश्लेषण करने से पहले यह जरूरी होगी कि कहां क्यों व कैसे कौन कौन हारे या जीते

सबसे पहले कांग्रेस की बात करें – तो कांग्रेस की सरकार अपदस्थी के बाद पुनर्वापसी की प्रायिकता पर बात करना लाजिमी होगा

कांग्रस को लौटा कर फरवरी 2020 और 8 मार्च तथा उसके बाद के घटनाक्रम में वापस लाना होगा , 23 फरवरी 20 तक कांग्रेस में मंत्री रहे तमाम लोग ट्विटर , फेसबुक पर खुद की और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां बता रहे थे , सार्वजनिक कार्यक्रम की तस्वीरें बढ़ा चढ़ा कर शेयर कर रहे थे और कांग्रेस सरकार को सबसे बेहतरीन सरकार बता और साबित करने में जुटे थे । यह सब कुल 22 कांग्रेसी अंतत: 25 फरवरी 2020 से लापता होने लगे और सोशल मीडिया पर इनके अपडेटस आने बंद हे गये । 28 फरवरी तक पूरी तरह से इनकी नेटवर्किंग जुदा ओर अलहदा होने लगी ।

मार्च 2020 में कांग्रेस तब तक मुंह पर ठीपुरी रखे मौन बैठी रही और महाराज के चरण चुबन में लगी रही जब तक खुद महाराज यानि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद ही इस्तीफा नहीं दे दिया और उसके बाद खुद ही अपने इस्तीफे को ट्विटर के जरिये सार्वजनिक नहीं कर दिया । तब तक कांग्रेस के सभी नेता प्रदेश स्तर से लेकर ( सिंधिया पीड़ित या प्रभावित जिलों के जिला स्तरीय और तहसील स्तर तक ) नीचे के स्तर तक के कांग्रेस नेता सिंधिया के अंधे चमचे और चरणदास तथा चरण भक्त थे ।

सिंधिया के इस्तीफे और खुद ही सबको बताने के लिये सवार्वजनिक कर देने की बाद भी अंधभक्त कांग्रेसी बेहद दहशतजदा और डरे हुये थे और तब भी कुछ बोलने या कहने या सोशल मीडिया पर कहने से भयभीत और मुंह बंद थे ।

जब सिंधिया शाम को भाजपा जाइन करने वाले थे तब उस वक्त हमने पहली पोस्ट लिखी फेसबुक पर और सिंधया को इस सबके राजनैतिक मायने समझा दिये , ज्योतिरादित्य तो खैर जब तब ही सोशल मीडिया पर आते हैं , उनके सोश मीडिया को उनकी पत्नी ही चलातीं हैं , और वे ही हर समय सोशल मीडिया के जरिये जन संपर्क में रहतीं हैं और पोस्ट , कमेंट और रिप्लाई करतीं हैं । अलबत्ता सिंधिया का सोशल मीडिया नेटवर्क प्लेटफार्म इसीलिये बेहद सशक्त और समर्थ है क्योंकि यह उनके किसी भी चमचे या कर्मचारी द्वारा नहीं चलाया जाता बल्कि उनकी पत्नी प्रियदर्शनी राजे द्वारा ही संचालित किया जाता है ।

खैर अंतत: कुछ समय पश्चात ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा ज्वाइन कर ली , बाद में उनके समर्थकों ने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली । उधर दूसी ओर तत्समय बैंगलोर एपिसोड लगातार चल रहा था , लगातार वीडियो और तमाम लिखत दस्तावेजों के फोटोग्राफ और बयान वगैरह आ रहे थे , हमें भी मिल रहे थे , मगर कांग्रेस केवल इंतजार कर रही थी , कि कुछ नहीं होगा , कोई इस्तीफा नहीं देगा और सब कांग्रेस में ही रहेंगें ।

उधर दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से कांग्रेस के द्वितीय स्तर और कैडर के नेताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ  बयानों की  हवाई फायरिंग शुरू कर दी , और फिर उनसे नीचे तीसरे , चौथे और पांचवें छठे स्तर के नेताओं ने सोशल मीडिया पर ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ बम्बार्डमेंट शुरू कर दिया , उधर कांग्रेस बंगलौर में बागीयों को मनाने में लगी रही और इधर सिंधिया को गरियाती रही ।

अंतत: बंगलौर एपिसोड में हैरत अंगेज तरीके से मुरैना जिला के तीन लोग ऐदल सिंह कंसाना , रघुराज कंसाना और गिर्राज डंडोतिया भी जुड़ गये और अचानक बंगलौर पहुंच गये ।

कुल मिलाकर फिर सबको पता ही है कि क्या हुआ , कमलनाथ अपदस्थ हो गये , शिवराज पदस्थ हो गये । फिर कोरोना का ग्रहण लग गया और फिर अंतत: उपचुनाव का आगमन हो गया ।

अब इस सबमें ऊपर कुछ तो विश्लेषण लायक मिल ही गया होगा कि ऊपर क्या है जो सुधारा जाये ।   

 

क्रमश: जारी अगले अंक में ......

पूरे अंक हमारी वेबसाइट पर पढ़ें .....

 FFFFFFFFFFFFFFFFFFFFFFFFF

ग्वालियर टाइम्स Gwalior Times www.gwaliortimes.in www.gwaliortimeslive.com

www.awazehind.in

ZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZZ

भाण्ड़ेर से भाजपा की प्रत्याशी श्रीमती रक्षा संतराम सरोनिया विजयी घोषित

दतिया जिले की भाण्डेर विधानसभा (अजा) क्षेत्र-21 में 3 नवम्बर को हुए मतदान की गणना मंगलवार को संपन्न हुई। मतगणना के 19 राउंड के उपरांत भाण्डेर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग आफीसर श्री अरविंद माहौर ने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार श्रीमती रक्षा संतराम सरोनिया को विजय घोषित कर जीत का प्रमाण पत्र प्रदाय किया। इस मौके पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त गणना प्रेक्षक श्री चितरंजन कुमार, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी. विजय दत्ता, पुलिस अधीक्षक श्री गुरूकरण सिंह सहित अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
    श्रीमती रक्षा सरोनिया को मतगणना के 19 राउंड पश्चात 57043 मत प्राप्त हुए जबकि इनके निकटतम प्रतिद्धति इंडियन नेशनल कॉग्रेस के उम्मीदवार श्री फूल सिंह बरैया को 56882 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार वे 161 मतों की बढ़त लेकर विजय घोषित की गईं।
    जिला मुख्यालय पर स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय दतिया में बनाए गए मतगणना केन्द्र पर मंगलवार को प्रातः 8 बजे से मतगणना का कार्य कड़ी सुरक्षा  व्यवस्था के साथ शुरू हुआ। मतगणना के शुरू में डाक मतपत्रों की गणना शुरू हुई।
    भाण्डेर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-21 (अजा) में नोटा सहित चुनाव लड़े 14 उम्मीदवारों को मतगणना उपरांत प्राप्त मतों की स्थिति इस प्रकार रही

मंगलवार, 10 नवंबर 2020

धान, ज्वार, बाजरा की अवैध बिक्री को रोकने हेतु दल गठित

 सीमावर्ती राज्यों से उपार्जन केन्द्रों पर उपार्जन के दिवसों में बिचौलियों द्वारा अन्य राज्यों से आने वाले धान, ज्वार, बाजरा आदि की अवैध विक्रय को रोकने हेतु प्रदेश के सीमावर्ती जिलों एवं अन्य राज्यों के मार्गो पर पुलिस, कृषि, कृषि उपज मंड़ी, राजस्व विभाग के अमले के माध्यम से वैरीकेट लगाकर उपज की जांच कर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

   कलेक्टर श्री बी. विजय दत्ता ने धान, ज्वार बाजरा की जांच करने एवं वैधनिक कार्यवाही किए जाने हेतु चार दल गठित किए गए है। उनाव केन्द्र के लिए राजस्व निरीक्षक श्री अशोक श्रीवास्तव, मड़ी सहायक उपनिरीक्षक श्री विनोद गुप्ता, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री आरडी पटवा, नाके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, चिरूला केन्द्र के लिए राजस्व निरीक्षक श्री संजय भट्ट, मंडी निरीक्षक श्री पंजाब सिंह, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री बीपी पाठक, नाके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, विच्छोंदना केन्द्र के लिए राजस्व निरीक्षक श्री लक्ष्मीनारायण झा, मंडी सहायक उप निरीक्षक श्री गंधी, वीटीएम श्री अनिल पचौरी, नाके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, सदका केन्द्र के लिए राजस्व निरीक्षक श्री भूपेन्द्र पांचाल, मंडी सहायक उप निरीक्षक श्री आदित्य सिंह, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री संतोष पुरोहित और नाके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल।

गरीब एवं कमजोर वर्गो को निःशुल्क विधिक सहायता और सलाह प्रदान करने हेतु विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतिबद्व है

 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्रीमती सुनीता यादव के मार्गदर्शन में आज सोमवार को ऑनलाईन जिट्सी मीट एप के माध्यम से विधिक सेवा दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
   विधिक साक्षरता शिविर में मुख्य अतिथि सचिव एवं अपर सत्र न्यायाधीश जिला न्यायालय दतिया श्री दिनेश कुमार खटीक ने अपने उद्बोधन में कहा कि, सभी नागरिकों के लिये उचित निष्पक्ष और न्याय प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु जागरूकता फैलाने के उद्वेश्य से सोमवार को विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा समाज के गरीब और कमजोर वर्गो को सहायता और समर्थन प्रदान करने के लिये की गई थी।

मुफ्त कानूनी सहायता पाने के पात्र व्यक्ति

   मुफ्त कानूनी सहायता पाने के पात्र व्यक्ति महिला और बच्चे, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के सदस्य, औद्योगिक श्रमिक, बडी आपदाओं जैसे हिंसा, बाढ, सूखे, भूंकप तथा औद्यौगिक आपदाओं के शिकार लोग, विकलांग व्यक्ति, हिरासत में रखे गये लोग, ऐसे व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय 200000/- से कम हो, बेरोगार या अवैध मानव व्यापार के शिकार।
   महिलाओं को उनके परिवार से होने वाली हिंसा से बचाने के लिये घरेलू हिंसा अधिनियम बनाया गया है। घर के बाहर के अन्य व्यक्तियों से सुरक्षा के लिये भारतीय दण्ड संहिता में घूर कर देखना, पीछा करना, बिना अनुमति के फोटो लेना, अश्लील मैसेज भेजना, गलत नियत से हाथ पकड़ना, बलात्कार, दहेज मांगना, एकांतता भंग करना आदि अपराध घोषित किये गये है। बच्चों के विरूद्ध घटित होने वाली गंभीर घटनाओं को रोकने के लिये लैंगिक शोषण से बालकों का संरक्षण अधिनियम-2012 बनाया गया है तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरूद्ध गंभीर अपराधों में न्यायालयों में सुनवाई बंद कमरे में महिला न्यायाधीश द्वारा की जाती है, इस कारण महिलाओं को कानून में सुरक्षा के लिये कठोर कानून बनाये गये है, इन अधिकारों का उपयोग सावधानी पूर्वक करना चाहिये। कानून का दुरूपयोग नहीं करना चाहिये, क्योंकि न्यायालय में सच साक्ष्य से सामने आ ही जाता है।  
   शिविर में श्री सुनील त्यागी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दतिया, पैरालीगल वालेंटियर सुश्री अंकिता श्रीवास्तव, श्री सुदीप तिवारी आदि उपस्थित रहे । शिविर का संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्री सुनील त्यागी एवं श्री सुदीप तिवारी द्वारा किया गया।

भाण्ड़ेर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र (अ.जा.) में डाले गए मतों की गणना हेतु सभी तैयारियां पूर्ण: मंगलवार को होगी मतगणना

 

दतिया जिले की भाण्ड़ेर (अ.जा.) विधानसभा उप निर्वाचन हेतु 3 नवम्बर को डाले गए मतों की गणना 10 नवम्बर 2020 को प्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटैक्निक महाविद्यालय दतिया पर की जायेगी। मतगणना की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई है।
    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी. विजय दत्ता, पुलिस अधीक्षक श्री गुरूकरण सिंह ने सोमवार को अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटैक्निक महाविद्यालय में की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस एवं सबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना केन्द्र पर प्रवेश द्वार पर सख्ती के साथ चैकिंग की जाए। कोई भी व्यक्ति गुटका, पान मसाला, माचिस, लाईटर, बीड़ी, सिगरेट, मोबाईल आदि सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत् मीडिया कर्मी मतगणना परिसर के अंदर स्थापित किए मीडिया सेन्टर पर केवल आयोग द्वारा जारी प्राधिकार पत्र के साथ ही मीडियाकर्मी प्रवेश कर सकेंगें। मीडिया कर्मी मीडिया केन्द्र तक मोबाईल ले जा सकेंगे। मतगणना कक्ष में मोबाईल ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। आयेाग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए मीडिया कर्मियों को नियमित अंतरालों में छोटे-छोटे बैच में मतगणना का अवलोकन कराया जायेगा।
    मतगणना केन्द्र के अवलोकन के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री एसएस रावत, एडीशनल एसपी श्री कमल मौर्य, उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक सिंह चौहान, रिटर्निग ऑफीसर भाण्ड़ेर श्री अरविन्द सिंह माहौर, ईई पीडब्लूडी श्री मनीष उदैनिया, संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।  
    उल्लेखनीय है कि भाण्ड़ेर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 3 नवम्बर को डाले गए मतों की गणना शासकीय पॉलीटैक्निक महाविद्यालय दतिया में बनाए गए मतगणना केन्द्र पर 10 नवम्बर को होगी। मतों की गणना दो कक्षों में की जायेगी। प्रत्येक कक्ष के लिए एक-एक एआरओ  रहेंगे। प्रत्येक कक्ष में 7-7 टेबिल लगाई जायेगी। प्रथम कक्ष में ईव्हीएम के साथ डाक मतपत्र की भी गणना होगी। प्रत्येक टेबिल पर गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक और एक माईक्रो ऑब्जर्बर भी उपस्थित रहेंगे। मतगणना के टेबुलेशन के कार्य हेतु 7 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। शुरू की 8 टेबिल की गणना 19 राउण्ड़ में जबकि 6 टेबिलों की गणना 18 राउण्ड़ में होगी। उम्मीदवारों के गणना अभिकर्ता गणना कक्ष में जाली के बाहर गैलरी में बैठेगे। एक राउण्ड़ पूर्ण होने पर ही दूसरे राउण्ड़ की गणना शुरू होगी।

किसान और पशुपालक आनलाइन खरीद बिक्री हेतु नये कृषि कानूनों के तहत अपना भारतीय ई किसान पोर्टल पर अपना पंजीयन करायें

 

  ग्वालियर टाइम्स , नये कृषि अधिनियमों के अनुसार कोई भी किसान और पशुपालक अब अपनी उपज और उत्पाद तथा पशु , दूध व इनसे उत्पादित सामग्री व सामान कहीं भी कभी भी बेच और खरीद सकते हैं , जिसमें बीज से लेकर खाद तथा अन्य उत्पादित चीजें शामिल हैं । 

किसानों के लिये यह व्यवस्था आनलाइन भारतीय ई किसान आनलाइन खरीद बिक्री केन्द्र के पोर्टल पर ग्वालियर टाइम्स द्वारा उपलब्ध कराई गई है , इस पोर्टल पर नये कृषि कानूनों की जानकारी के साथ ही किसानों और पशुपालकों से संबंधित सभी जानकारियां भी उपलब्ध रहेंगीं और किसानों को अपने मोबाइल पर ही ताजा अपडेट मिलते रहेंगें , तथा उनके ई मेल पर भी अगर वे चाहें तो अपडेट मिलते रहेंगें । 

वे अपना माल मुनाफे के दाम पर जहां भी चाहें वहां इस पोर्टल के माध्यम से खरीद बेच सकेंगे , और इसमें बेचने वाले के बैंक खाते में पैसा सीधे ही एडवांस पहुंचेगा , तथा उसके बाद ही माल की सप्लाई डिलीवरी देनी होगी । खरीददार आनलाइन भुगतान किसी भी माध्यम से चुकता कर सकेगा , इस पोर्टल को भारत सरकार के औषधीय व जड़ी बूटी के क्रय विक्रय पोर्टल से भी लिंकअप किया है , इसलिये जड़ी बूटी , औषधीय पौधे आदि से संबंधित वनवासी भी इससे जुड़ें , और अपनी चीज का सही व सबसे ज्यादा मुनाफे का दाम पायें । 

नीचे दिये लिंक पर क्लिक करें और अपना पंजीयन करें , ऊपर से भाषा हिन्दी चयन करें और भगुतान मुद्रा रूपया चुनें । पंजीयन के बाद आपकों जानकारी की ई बुक , ई मेल से भेजी जायेगी कि पोर्टल का उपयोग कैसे करना है और खरीद बिक्री कैसे करनी है । 

भारतीय किसान केन्द्र

Gwalior Times Live Datia Detailed News ग्वालियर टाइम्स लाइव विस्तृत दतिया समाचार

Gwalior Times Live Datia Detailed News ग्वालियर टाइम्स लाइव विस्तृत दतिया समाचार सरकारी धन के गबन के मुलजिमों को बचाने में ...